कार की चपेट में आने से छठी कक्षा के छात्र की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। नगूरां-बधाना मार्ग पर वीरवार रात कार की चपेट में आने से बधाना गांव निवासी छठी कक्षा के छात्र गुरजीत की मौत हो गई। कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बधाना गांव निवासी गुलजार ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वीरवार शाम को वह अपने 11 वर्षीय बेटे गुरजीत के के साथ नगूरां से बधाना की तरफ पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में एक कार ने गुरजीत को टक्कर मार दी। गुलजार के अनुसार कार को बधाना गांव निवासी पवन चला रहा था। कार की टक्कर लगने के बाद गुरजीत घायल हो गया और सड़क पर गिर गया। गंभीर हालात में वह अपने बेटे को उपचार के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में लाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरजीत गांव के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ता था। गुलजार के दो बेटे थे, एक बेटा करीब नौ साल का है। अलेवा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता के बयान केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।