नरवाना रोडवेज सब डिपो में 25 लाख के गबन के दो कर्मचारी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
जींद।
रोडवेज की सब डिपो नरवाना में 25 लाख रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रोडवेज महाप्रबंधक जींद कार्यालय ने 10 अक्टूबर 2016 को शहर थाना नरवाना पुलिस में दी शिकायत में बताया था कि सब डिपो नरववाना के हेड कैशियर राधेश्याम मिर्धा के सात सितंबर को सुसाइड कर लिया था। सुसाइड करने से पहले राधेश्याम मिर्धा ने सुसाइड नोट लिखा था। इसमें रोडवेज के कुछ कर्मचारियों पर गबन करके पैसे वापस नहीं देने के आरोप लगाए थे। मामला सामने आते ही रोडवेज के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विभाग के महाप्रबंधक ने नरवाना कैश ब्रांच का पूरा रिकार्ड कब्जे में लेकर जांच करवाई। लगभग 25 लाख रुपये की हेराफेरी सामने आई। गबन का मामला सामने आने के बाद नरवाना बस स्टैंड में कैशियर अमरीक सिंह को सस्पेंड कर दिया था। जांच में सामने आया कि कैशियर अमरीक सिंह पिछले छह-सात माह से कैश ब्रांच में कार्य कर रहा था। गबन के इस मामले में अमरीक सिंह के अलावा रोडवेज परिचालक राजकुमार की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। गबन का मामला खुलता देखकर परिचालक राजकुमार पिछले दिनों नरवाना बस स्टैंड से बदलकर कैथल बस डिपो में चला गया। शहर थाना नरवाना पुलिस ने महाप्रबंधक आरएस पूनिया की शिकायत पर मृतक हैड कैशियर राधेश्याम, कैशियर अमरीक सिंह, परिचालक राजकुमार, रमन के खिलाफ गबन तथा धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमरीक सिंह व राजकुमार को गिरफ्तार करके तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।