आंगन में बैठे युवक पर पड़ोसियों ने किया हमला, पीजीआई रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। घर के आंगन में बैठे युवक पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। गंडासी, लाठी-डंडों से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। अजमेर बस्ती में हुई वारदात में घायल युवक की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
22 वर्षीय युवक सुमित ने कहा कि बुधवार शाम को वह अपने घर के आंगन में बैठा था। इसी समय पड़ोसी जोगेंद्र, सुरेंद्र, कृष्ण, रणबीर व युद्धवीर आए और उस पर गंडासी, लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बचाव में शोर मचाने के बाद उसके परिजन भी मौके पर आ गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बाद में परिजनों ने मुझे गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। सुमित ने कहा कि उसने एक मामले में सुरेंद्र के खिलाफ अदालत में गवाही दी थी। इसी रंजिश के कारण उस पर हमला किया गया है। पुलिस ने सुमित की शिकायत पर जोगेंद्र, सुरेंद्र, कृष्ण, रणबीर तथा युद्धवीर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।