दूसरे का सिम चोरी कर कुख्यात अपराधी का नाम लेकर व्यापारी से दस लाख रुपये की फिरौती मांगने वाला गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। कुख्यात अपराधी का नाम लेकर स्पेयर पार्ट्स के व्यापारी से दस लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोपी को डिटेक्टिव स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फोन कर व्यापारी से सूर्यवीर के नाम पर उक्त फिरौती मांगी थी। अभी उसका एक साथी फरार चल रहा है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से कई अन्य मामलों के साथ उसके साथियों के बारे में पता लगा रही है।
पत्रकारों से बातचीत में डीएसपी रामभजन ने बताया कि पुलिस को एक जनवरी को चौड़ी गली निवासी रवि ने शिकायत दी थी कि उसके स्पेयर पार्ट्स व्यापारी उसके भाई संजय गोयल के पास किसी ने फोन किया और अपना नाम सूर्यवीर बताया। उसने भाई से दस लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच डिटेक्टिव स्टाफ को सौंप दी थी। डिटेक्टिव स्टाफ प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने मामले की जांच करते हुए गांव अनूपगढ़ निवासी जिनेंद्र को काबू कर लिया, जबकि उसका एक अन्य साथी अनूपगढ़ निवासी ही अजीत फरार हो गया। सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जिनेंद्र ने अपने साथी अजीत की डेयरी में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहांपुर के गांव कटौल निवासी बिंटू का मोबाइल सिम चोरी कर लिया और दिल्ली जाकर कुख्यात अपराधी सूर्यवीर का नाम लेकर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए जिनेंद्र को काबू कर लिया। रविवार को पुलिस ने जिनेंद्र ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
डीएसपी रामभज ने कहा कि डिटेक्टिव स्टाफ ने मामले को हल करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। किसी भी स्थिति में अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा। चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।