कार से बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव तलौडा खेड़ी के पास हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने युवक के भाई की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भटनागर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सुमित ने कहा कि वह जींद में बजाज फाइनेंस कंपनी में कार्य करता है। उसके मामा करनाल जिले के गांव जयसिंह पुरा निवासी 27 वर्षीय गुरमीत भी जींद में ही एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। सुमित ने कहा कि वह दोनों किसी कार्य से सफीदों जा रहा थे। सुबह तीन बजे जब वह बाइक पर तलौडा खेड़ी गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों मोटरसाइकिल लेकर गिर गए। बाइक चला रहा गुरमीत टक्कर के बाद सड़क पर गिर गया और उसका सिर सड़क पर लग गया। सुमित ने कहा कि गुरमीत ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन टक्कर के कारण हेलमेट उसके सिर से निकल गया। इसमें गुरमीत की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जींद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने सुमित की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।