शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की 26 वर्षीय युवती ने महिला थाना पुलिस को शिकायत देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई वर्ष तक बलात्कार करने का आरोप लगाया है। युवती ने कहा कि युवक ने उसके साथ मारपीट भी की और जातिसूचक गालियां भी निकालीं। महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच डीएसपी रामभजन को सौंपी गई है।
युवती ने बताया कि वह जींद के एक कॉलेज में पढ़ती थी। उसकी 2013 में गांव शामदो निवासी चेलाराम से जान-पहचान हुई। युवक ने उसे शादी करने का झांसा दिया। उसे होटल में लेजाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे होटलों में ले जाता रहा। उसने जब शादी करने के लिए कहा तो चेलाराम ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां निकालीं। युवती ने कहा कि बार-बार युवक उसे शादी का झांसा देता रहा और उसके साथ रेप करता रहा। आखिरकार जब युवक ने शादी करने से मना कर दिया तो युवती ने उसके खिलाफ पुलिस को शिकायत कर दी। डीएसपी रामभज ने कहा कि युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।