नौकरी के नाम पर युवती से 37650 रुपये ठगने का एक और आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। गांव तलौडा निवासी 23 वर्षीय युवती को नौकरी दिलाने के नाम पर 37650 रुपये ठगने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को तीन अक्तूबर 2018 को दी शिकायत में गांव तलौडा निवासी 23 वर्षीय पूजा ने कहा कि उसने एक वेबसाइट पर अपना बायोडॉटा डाला था। उसके पास तनवी नामक युवती का फोन आया। उसने कहा कि वह नौकरी देने वाली कंपनी से बोल रही है। उसका चयन फोर्टिस अस्पताल में हो गया है। उसे रजिस्ट्रेशन के नाम पर 1650 रुपये खाते में डालने हैं। इस पर उसने बताए गए खाते में 1650 रुपये डाल दिए। इसके बाद उसे दिल्ली साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। यहां पर उससे कहा गया कि उसका टेलीफोन पर ही साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके बाद वह घर लौट आई। उसका फोन पर ही साक्षात्कार लिया गया। दो-चार दिन में रोहित नामक युवक का फोन आया और उससे सिक्योरिटी के नाम पर 13500 रुपये खाते में डालने के लिए कहा। पूजा ने कहा कि एक सप्ताह में उससे अलग-अलग खातों में कंपनी के नाम पर 37650 रुपये डलवा लिए। बाद में आरोपियों के फोन नंबर बंद हो गए। पुलिस ने पूजा की शिकायत पर उत्तर प्रदेश के बिजनौर के बुखारा मोहल्ला निवासी ललित राहुल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने ललित राहुल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जांच में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के गांव असहाल्ट नगर निवासी अजय स्वामी का नाम भी सामने आया। सोमवार को उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। हेडकांस्टेबल महेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले में अजय स्वामी से उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।