फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नगर परिषद के उप प्रधान की पत्नी बोली हमलावर तो देखा, पति सुभाष जांगड़ा ने राजनीतिक हमले की जताई आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

जींद।
नगर परिषद के उप प्रधान सुभाष जांगड़ा पर हुए जानलेवा हमले में उनके और उनकी पत्नी के बयानों में फर्क होने से पुलिस उलझ गई है। उप प्रधान की पत्नी ने हमलावर को देखने और उनकी आंखों के सामने ही पति को दो गोली मारने जाने का बयान देकर केस को उलझा दिया है। असल में, जागड़ा में प्राथमिक पूछताछ मेें पुलिस को राजनीतिक हमले की आशंका जताई थी और यह भी बताया था कि हमलावर ने शॉल ओढ़ रखी थी। अब उनकी पत्नी के बयान के बाद यह सवाल भी उठने लगा है कि जबकि जब हमलावर ने चेहरे पर शॉल ओढ़ रखी थी तो पत्नी ने उसे पहचाना कैसे। हालांकि पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पड़ोस में रहने वाले चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
तीन गोली लगने से घायल उप प्रधान के मुताबिक तीन-चार दिन पहले सुभाष जांगड़ा अपने वार्ड के किसी काम को लेकर नगर परिषद में गया था। इस दौरान यहां एक अधिकारी और एक राजनेता के साथ उसका झगड़ा हुआ था। वहीं सुभाष जांगड़ा की पत्नी दर्शना ने पुलिस से शिकायत में आरोप लगाया है कि पड़ोसी मंजीत ने पति को गोली मारी है। दर्शना के अनुसार उसने मंजीत को गोली मारते हुए देखा है। उनका आरोप है कि करीब दो से ढाई महीने पहले मंजीत अपनी माता बीरो देवी, पिता सरताज व भाई अमन के साथ उनके घर आया था। चारों ने उनके पति सुभाष जांगड़ा को डरा धमका कर रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर चारों ने सुभाष जांगड़ा को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद बुधवार शाम को जब सुभाष जांगड़ा घर पर थे, तो किसी ने आवाज देकर घर के बाहर बुलाया। दर्शना के अनुसार गोली की आवाज सुनने पर जब वह गेट पर गईं तो शिवपुरी कालोनी निवासी मंजीत उर्फ सोनू हाथ में पिस्तौल लिए खड़ा था। तब मंजीत ने पति सुभाष को दो गोलियां उनकी आंखों के समाने मारीं। इस पर पुलिस ने मंजीत, सरताज, बीरो देवी व अमन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन

वहीं सुभाष जांगड़ा और उसकी पत्नी के बयान अलग-अलग होने के कारण पुलिस दोबारा सुभाष जांगड़ा के बयान दर्ज करेगी। सुभाष जांगड़ा के बयान के आधार पूरे मामले में राजनीतिक साजिश की बू आ रही है। हालांकि पुलिस इस प्रकार की घटना से मना कर रही है।

- सुरक्षाकर्मी भी सवालों के घेरे र्में
सवालों के घेरे में सबसे ज्यादा जांगड़ा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी एससी वेद हैं, जो वारदात के वक्त उनके साथ नहीं था। हालांकि पुलिस ने सुरक्षा में तैनात एससी वेद की भी विभागीय जांच शुरू की है वहीं पुलिस के अनुसार सुभाष जांगड़ा ने ही वेद को घर भेजा था।

बॉक्स
जमीन के पैसे के लेनदेन का भी मामला
एक तीसरे मामले में सुभाष जांगड़ा का दो लोगों को लोगों के साथ चार एकड़ जमीन के पैसे को लेकर भी विवाद है। चार एकड़ जमीन के सौदे में सुभाष जांगड़ा बिचौलिया है और इस पैसे पर विवाद चल रहा है।

बॉक्स
मुनीम की हत्या व 22 लाख की लूट में आरोप है मंजीत
नरवाना रोड निवासी मंजीत पहले दिसंबर माह में नरवाना रोड पर पोल्ट्री व्यवासायी के मुनीम चंद्रपाल की हत्या व 22 लाख रुपये की लूट में भी आरोप है। पुलिस अभी तक मंजीत को काबू नहीं कर सकी है।

बॉक्स
कहां चला गया था सुरक्षाकर्मी
सुभाष जांगड़ा को मंजीत व उसके परिवार से धमकी मिलने के बाद उसने पुलिस सुरक्षा मांगी थी। इस पर एससी वेद को सुभाष जांगड़ा की सुरक्षा में तैनात किया गया था। बुधवार को जिस समय घटना हुई वेद सुभाष जांगड़ा के साथ तैनात नहीं था। ऐसे में सुभाष के परिजन यही पूछ रहे हैं कि सुरक्षाकर्मी कहां चला गया था। हालांकि घटना के बाद सुभाष जांगड़ा के घर के बाहर पुलिस सुरक्षा लगा दी गई है। इस मामले में डीएसपी कप्तान सिंह ने बताया कि वेद की विभागी जांच की जाएगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

बॉक्स
गर्माई नगरपरिषद की राजनीति
सुभाष जांगड़ा को गोली लगने के बाद तीन-चार दिन पहले नगरपरिषद में एक वरिष्ठ अधिकारी व एक राजनेता के साथ हुए झगड़े को लेकर नगरपरिषद की राजनीति गर्मा गई है। वीरवार को दिन भर इसके चर्चे रहे। हालांकि अधिकारिक रूप से अधिकारी व नेता का नाम रूप से नहीं आया है, लेकिन कुछ लोग सहमे-सहमे नजर आए।

बॉक्स
एसएसपी से मिले जांगड़ा समाज के लोग
नप उपप्रधान सुभाष जांगड़ा को गोली मारने की घटना के विरोध तथा आरोपियों को पकडने की मांग को लेकर को अखिल भारतीय जांगिड़ महासभा के सदस्य जिला प्रधान महेंद्र जांगड़ा के नेतृत्व में एसएसपी से मिले। उन्होंने प्रशासन को 48 घंटे का समय दिया। यदि 48 घंटे में प्रशासन आरोपियों को नहीं पकड़ता तो समाज प्रदर्शन कर आंदोलन करेगा। इस अवसर पर चंद्रभान जांगड़ा, इंद्र सिंह, महावीर, प्रेमचंद, मोनू जांगड़ा, सुरेंद्र, विनोद जांगड़ा, आजाद, परमजीत जांगड़ा, सुरेंद्र कुमार, रोहताश, कमल जांगड़ा मौजूद रहे।
विज्ञापन


बॉक्स
जल्द पकड़ लिए जाएंगे आरोपी
इस माले में कई पहलू सामने आए हैं। सुभाष जांगड़ा और उसकी पत्नी के बयानों में काफी अंतर है। ऐसे में पुलिस शुक्रवार को दोबारा सुभाष जांगड़ा के बयान दर्ज करेगी। इसके लिए दो टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
- डॉ. अरुण सिंह, एसएसपी जींद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें