वकील से मारपीट पर साथी वकीलों ने हड़ताल कर लघु सचिवालय के गेट पर दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
नरवाना। नरवाना बार एसोसिएशन के वकीलों ने शहर के एडवोकेट संजीत के साथ उचाना में लूटपाट की घटना में पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं करने के विरोध में सोमवार को एक दिन की हड़ताल की। साथ ही लघु सचिवालय के गेट पर धरना दिया। इस दौरान वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कोर्ट परिसर में कामकाज ठप्प रखा।
एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट आदित्य शर्मा ने कहा कि एडवोकेट संजीत के साथ उचाना में हुई लूटपाट में पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके अपहरण और जान से मारने की धाराएं नहीं जोड़ी। इसके अलावा पुलिस अब तक न तो दोषियों का पता लगा पाई और न ही उचित कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि पुलिस से बार-बार मिलने के बाद भी आज तक पुलिस अपराधियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। अगर पुलिस ने दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश भर में हड़ताल कर दी जाएगी। इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
जानकारी के लिए नरवाना के एडवोकेट संजीत सिंह से नवीन पेट्रोल पंप उचाना के पास स्विफ्ट गाड़ी में सवार चार युवकों ने होंडा सिटी गाड़ी, मोबाइल और बीस हजार रुपये छीन लिए थे। संजीत दिल्ली एम्स से अपनी मां की दवा लेकर घर आ रहा था। रास्ते में उचाना के निकट रात करीब दो बजे पेशाब करने के लिए रुका तो पीछे से सफेद रंग की स्विफ्ट गाड़ी आगे आकर रुकी। गाड़ी में चार युवक सवार थे। संजीत के अनुसार युवकों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसे गाड़ी में बैठा लिया और नरवाना की ओर निकल गए। बदमाशों ने गाड़ी में संजीत के साथ मारपीट की। जब गाड़ी हिसार रोड पर बद्दोवाल के पास टोल प्लाजा के पास पहुंची तो चारों युवकों ने टोल देखकर दोनों गाड़ियों को सुंदरपुरा रोड की तरफ मोड़ लिया। इस दौरान रास्ते में युवकों ने गाड़ी बदली तो संजीत मौका देखकर भाग निकला और एक पोल्ट्री फार्म में छिपकर अपनी जान बचाई थी। इस पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन एडवोकेट संजीत का आरोप है कि पुलिस सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही। हड़ताल में एडवोकेट बलजीत मलिक, रणधीर सिंह नैन, कुलदीप मोर, सुशील नायक, रोहताश नैन, जोगीराम नैन, राकेश शर्मा, रमेश जेठी, विकास जेठी ,नवीन चोपड़ा, पवन राणा, देवा सिंह, देवेंद्र सांगवान, अनुराधा शर्मा, मनोज मोर मौजूद रहे।