जींद। भिवानी रोड स्थित गुप्ता कॉलोनी निवासी एक दंपती से फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड का ओटीपी पूछकर दोनों को 99972 रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में भिवानी रोड स्थित गुप्ता कॉलोनी निवासी रामनिवास ने कहा कि उसका और उसकी पत्नी का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की रोहतक रोड स्थित शाखा में खाता है। रामनिवास ने कहा कि उसे और उसकी पत्नी गीता को बैंक से नए चिप वाले एटीएम कार्ड मिले थे। उन्होंने अभी तक अपने एटीएम कार्ड प्रयोग नहीं किए थे।
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
रामनिवास ने कहा कि शाम को लगभग पौने पांच बजे उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि वह बैंक से बोल रहा है और उन्हें अगर एटीएम कार्ड चालू करना है तो वह उसके पास ओटीपी भेजेगा, उसे वह नंबर बता दें। रामनिवास ने कहा कि उसके पास पांच बार ओटीपी नंबर आया तो उसने फोन करने वाले व्यक्ति को ओटीपी बता दिया। इसी तरह उसकी पत्नी के पास भी फोन आया तो फोन करने वाले ने ओटीपी बता दिया। रामनिवास ने कहा कि उसके खाते से पांच बार में 49986 रुपये और उसकी पत्नी के खाते से भी पांच बार में 49986 रुपये कट गए।
जब उन्होंने बैंक में पता किया तो बैंक प्रबंधक ने बताया कि उसके खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए गए हैं। पुलिस ने रामनिवास की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।