जींद। गांधी गली स्थित एक कपड़े की दुकान से बुधवार दोपहर को कपड़ा चोरी करके फरार हुईं दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव बरसाना निवासी विकास ने कहा कि उसने गांधी गली में अलीशा लेडीज गारमेंट्स के नाम से कपड़े की दुकान की हुई है। बुधवार को उसकी दुकान पर दोपहर 12 बजे दो महिलाएं कपड़ा खरीदने के लिए आईं। वह महिलाओं को कपड़ा दिखा रहा था। उसने काफी कपड़ा महिलाओं को दिखाने के लिए उनके पास रख दिया था। उनमें से एक महिला ने उसे एक अन्य सूट दिखाने के लिए कहा। जब वह दुकानदार के अंदर से सूट लेने के लिए गाय तो महिलाओं ने कपड़े के दो थान बैग में डाल लिया। इसके बाद महिलाएं कपड़ा पसंद नहीं आने की बात कहकर दुकान से चली गईं। महिलाओं के जाने के बाद उसे शक हुआ तो उसने अपनी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें दोनों महिलाएं अपने बैगों में कपड़ा डालती साफ दिखाई दे रही थीं। शहर थाना पुलिस ने विकास की शिकायत पर दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों महिलाओं की पहचान कर ली। इनकी पहचान रोहतक रोड स्थित बिसंबर नगर निवासी 55 वर्षीय रोशनी व 40 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को रात में गिरफ्तार कर लिया था। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल सुदेश कुमारी ने बताया कि दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।