सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय जंगीर की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। जींद-असंध मार्ग पर बुधवार देर शाम को अलेवा के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से घायलों को जींद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रोहतक ले जाते समय अलेवा निवासी 35 वर्षीय जंगीर ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार जींद-असंध मार्ग पर मोटरसाइकिल पर सवार होकर श्रीराग खेड़ा निवासी राजपाल तथा सुखबीर नगूरां की तरफ जा रहे थे कि उनकी सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार अलेवा निवासी जंगीर की मोटरसाइकिल से हो गई। इस भिड़ंत में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार तीनों लोग घायल हो गए। अलेवा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से घायलों को सरकारी गाड़ी में जींद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक भेज दिया। पीजीआई जाते समय घायल अलेवा निवासी लगभग 35 वर्षीय जंगीर की रास्ते में ही मौत हो गई है।
जंगीर के परिवार का नहीं रहा कोई वारिस
जंगीर मजदूरी करके अपने परिवार का पालन करता था। जंगीर के पांच माह के बेटे की लगभग एक माह पहले बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद जगीर और उनकी पत्नी ही परिवार में थे। अब उनकी पत्नी ही परिवार में अकेली बची है।