अमर उजाला ब्यूरो
जींद। मजदूरी का काम करने वाले एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड चोरी करके उसके खाते से अज्ञात व्यक्ति ने तीन लाख 31 हजार 343 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सफीदों गेट स्थित अपराही मोहल्ला निवासी सतबीर ने शिकायत दी कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। उसने अपनी पत्नी संतोष का एसबीआई में खाता खुलवाया हुआ है। वह अपनी बचत के पैसे इस खाते में डालता रहा। 16 अप्रैल को उसने कुंदन सिनेमा के पास स्थित एटीएम से 20 हजार रुपये निकलवाए। एटीएम में काफी भीड़ होने के कारण उसका किसी व्यक्ति ने एटीएम कार्ड चोरी कर लिया। पांच जून को उसे पैसों की जरूरत पड़ी। वह अपनी पत्नी को लेकर बैंक में गया लेकिन बैंक अधिकारियों ने कहा कि उसके खाते में कोई पैसा नहीं है। उसने घर आकर चेक किया तो उसका एटीएम नहीं मिला। वह बैंक गया तो उसे बताया कि गया अलग-अलग तारीखों में उसके खाते से तीन लाख 31 हजार 343 रुपये निकाले गए हैं। सतबीर ने पुलिस से उसके पैसे वापस दिलवाने व आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।