एसडीएम से लगाई गुहार-साहब खोजवा दो चोरी हुई बकरियां
अमर उजाला ब्यूरो
सफीदों। पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए शिकायतकर्ता ने अपनी चोरी हुई बकरियों और बकरे को बरामद करवाने की गुहार एसडीएम से लगाई है। गांव सिवानामाल निवासी शिकायतकर्ता संजय ने एसडीएम मनदीप कुमार को शिकायत देकर कहा कि साहब पुलिस ने उसकी बकरियां चोरी करने वाले चोरों को भी पकड़ लिया था, लेकिन उन्हें छोड़ दिया। इसलिए साहब आप ही मेरी चोरी हुई 15 बकरियां और एक बकरे को बरामद करवाओ।
एसडीएम ने शिकायत को डीएसपी सुनील कुमार को जांच करने के लिए भेज दिया है।
शिकायतकर्ता गांव सिवानामाल निवासी संजय ने बताया कि करीब छह माह पहले तीन युवकों ने मिलकर उसके पशुबाड़े से 15 बकरियां और एक बकरा चोरी कर लिया था। उन्होंने इस मामले की शिकायत सरफाबाद चौकी में दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने चोरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायतकर्ता संजय ने एसडीएम को दी शिकायत में कहा है कि वह गरीब आदमी है और ब्याज पर पैसे उठाकर वह इन बकरियों को लाया था और इन बकरियों के सहारे ही अपना गुजर-बसर कर रहा था। इन बकरियों के चोरी होने के बाद उसके पास रोजगार का कोई ओर साधन नहीं रहा है। इस वारदात में इससे उसका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और कर्ज के बोझ तले बुरी तरह से दब चुका है।
सरफाबाद चौकी इंचार्ज रमेश ने कहा कि इस मामले में शिकायतकर्ता संजय कुमार ने पहले अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। बाद में उन्होंने जिन युवकों पर शक जाहिर किया उन्हें पूछताछ के लिए सीआईए जींद में भी भेजा गया था, लेकिन वह युवक जींद नागरिक अस्पताल में काम करते हैं। उन्होंने कोई चोरी नहीं की। शिकायतकर्ता उन पर आरोप लगा रहा है। पिछले ढाई महीने से शिकायतकर्ता द्वारा एसपी से गुहार लगाने के बाद इस मामले मेें जांच डिटेक्टिव स्टाफ को सौंपी हुई है।