अब पीएनबी की एटीएम तोड़कर कैश निकालने का प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। दीवान खाना मार्केट में लगी पीएनबी की एटीएम से रविवार रात को कैश निकालने का प्रयास किया गया। एटीएम में घुसे लोगों ने लोहे की मजबूत रॉड से एटीएम पर प्रहार किए लेकिन कैश नहीं निकला। पुलिस ने बैंक मैनेजर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मौके से लोहे की रॉड भी बरामद की है। दो पहले इसी प्रकार से पटियाला चौक रेलवे रोड पर स्थित एसबीआई की एटीएम में तोड़फोड़ कर कैश निकालने का प्रयास किया गया था। पुलिस के हाथ फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है।
पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के मैनेजर नरेश बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात को उनके पास एटीएम ई-सर्विस से फोन आया और एटीएम में लोगों के घुसने की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन करके सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपियों ने लोहे की रॉड से एटीएम मशीन पर प्रहार किए हुए हैं। इससे मशीन को काफी नुकसान पहुंचा है लेकिन आरोपी कैश नहीं निकाल पाए। जांच अधिकारी एएसआई रामरूप ने कहा कि पुलिस ने मौके पर पड़ी लोहे की रॉड बरामद कर ली है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक से जल्द सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
दो दिन पहले एसबीआई की एटीएम भी हुआ था प्रयास
दो दिन पहले पटियाला चौक रेलवे रोड स्थित एसबीआई बैंक के पास ही लगी इसी बैंक की एटीएम में भी कैश निकालने का प्रयास हुआ था। इसमें आरोपियों ने पेचकस से एटीएम में लगे लॉक खोलने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई सुराग नहीं लगा।