अमर उजाला ब्यूरो
अलेवा। गोहियां गांव में रविवार रात दर्जनभर युवकों ने एक दलित युवक का रास्ता रोककर उस पर हमला कर दिया। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज पीजीआई रोहतक में चल रहा है। वहीं पुलिस ने एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस ने पांच को नामजद करते हुए सात-आठ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर 2 को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस को दिए बयान में गोहियां निवासी कर्मबीर ने बताया कि उसका बेटा अंकित शनिवार देर रात को गांव में मंदिर के समीप किसी से मिलने गया था। इस दौरान गांव के ही सचिन, अंकित, अमन, दर्शन, विक्की व सात से आठ अन्य युवकों ने बेटे का रास्ता रोककर हमला कर घायल कर दिया। अलेवा थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पुलिस ने कर्मबीर के बयान पर पांच नामजद व सात से आठ अन्य के खिलाफ रास्ता रोककर मारपीट, एससी एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर अमन व सचिन को गिरफ्तार कर लिया है।
रात के समय घटना होने के बाद प्रशासन ने गांव में दो डीएसपी के साथ करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात किया था। वहीं दिन में करीब 20 पुलिसकर्मी तैनात रहे। हालांकि गांव के लोगों दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि पुलिस आधिकारिक रूप से पुष्टी नहीं कर रही है, लेकिन सूत्रों के अनुसार पांचों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि वास्तव में हमला किन-किन लोगों ने किया है।