फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में बेखौफ हुए अपराधी

Tue, 08 Dec 2015 11:52 PM IST
जींद/ अमर उजाला, ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
 
विज्ञापन


जाड़े में जहां पुलिस दुबकी नजर आ रही है वहीं अपराधी सड़कों पर बेखौफ होकर लूट खसोट कर रहे हैं।
पिछले करीब दो सप्ताह में बदमाशों ने आठ बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है।
मंगलवार को शातिर अपराधियों ने 500 मीटर के दायरे में ही तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया। तीनों घटनाओं में आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।

दो बजे बस स्टैंड पर काटी जेब
पहली घटना दोपहर बाद दो बजे बस स्टैंड पर हुई। जींद में अपनी रिश्तेदारी में आए चंडीगढ़ निवासी रामअवतार वापस लौट रहा था। रामअवतार का कहना है कि बस में चढ़ते से एक महिला ने उनकी जेब काट ली।

पर्स में करीब 16 हजार रुपये और अन्य जरूरी कागजात थे। रामअवतार ने शोर भी मचाया। इसके चलते पुलिस ने मौके से एक महिला को हिरासत में भी लिया, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास कुछ नहीं मिला। ऐसे में पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला को छोड़ दिया।
विज्ञापन


कॉलेज के पास से उड़ाया कैमरा
बस स्टैंड से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक फोटो स्टूडियो से एक शातिर युवक कैमरा ले उड़ा। फोटो स्टूडियो संचालक ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी है।
 पुलिस के अनुसार फोटो स्टूडियो पर एक युवक आया और उसने किराये पर कैमरा लेने की बात कही। इसी दौरान युवक ने वहां रखा कैमरा उठा लिया और उससे फोटो खींचकर देखने लगा। कुछ देर के बाद युवक कैमरा लेकर फरार हो गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है।
इस पर शहर थाना प्रभारी तेजवीर सिंह व सिविल लाइन चौकी प्रभारी ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और गोहाना रोड पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवक का कहीं सुराग नहीं मिला।

अस्पताल की पार्किंग से कार चोरी
तीसरी घटना में कॉलेज से करीब 300 मीटर दूरी पर विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी संजय नामक युवक की कार चोरी हो गई। संजय के अनुसार वह अपने दांत के दर्द का इलाज कराने के लिए सुबह करीब साढ़े 11 बजे सामान्य अस्पताल में आया था। इस बीच कुछ देर बाद उसने कार को पार्किंग में संभाला, तब गाड़ी खड़ी थी। दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे जब संजय दवाई लेकर बाहर आया तो कार पार्किंग से लापता थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है।

दो सप्ताह में आठ घटनाएं
ठंड बढ़ने के साथ ही अपराधी सक्रिय हो रहे हैं। पिछले दो सप्ताह में आठ बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। 28 नवंबर को सफीदों रोड स्थित शराब के गोदाम में चार युवकों ने पिस्तौल के बल पर लूट का प्रयास किया। इसके अगले ही दिन 29 नवंबर को रोहतक रोड पर फर्नीचर व्यापारी के घर चार युवकों ने चोरी का प्रयास किया।
चार दिसंबर की रात को बाइक सवार चार युवकों ने एक किसान से एक लाख रुपये लूटे। अगले ही दिन पौली गांव के पास अमरूद व्यापारी से 12 हजार रुपये लूटे। सात दिसंबर को चार युवकों ने सेक्टर 11 से पूर्व डीएसपी की पत्नी से कानों की बालियां, कंगन व सोने की चेन लूटी।

प्रशासन की विफलता
इस प्रकार की घटनाएं लगातार घट रही हैं। इससे साफ है कि प्रशासन विफल है। शहर के लोगों को सुरक्षा का आभास नहीं है। पुलिस से लोगों का भरोसा उठ रहा है। प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि अपराधिक घटनाओं पर लगाम लग सके।
विज्ञापन

परमेंद्र सिंह ढुल, विधायक जुलाना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। अस्पताल से कार चोरी होने की शिकायत मिल गई है, इस पर केस दर्ज किया जा रहा है। कैमरा के मामले में स्टूडियो संचालक ने शिकायत देने से मना कर दिया है। पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। क्षेत्र और अधिक चौकसी बढ़ाई जाएगी।
ओमप्रकाश, सिविल लाइन चौकी प्रभारी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें