हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग। संवाद
सफीदों। हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने कहा कि प्रदेश की तमाम गोशालाओं को 40 करोड़ रुपये की ग्रांट बांटी जा रही है। यह ग्रांट गोशालाओं में गोवंश की संख्या के हिसाब से दी जा रही है। इससे पूर्व पिछले वर्ष मई महीने में भी गोशालाओं को 40 करोड़ की ग्रांट प्रदान की जा चुकी है।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा के गो भक्त मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में गो कल्याण, गो संवर्धन, गाय माता की रक्षा के लिए बजट में बढ़ोतरी की गई थी। उसी बढ़ाए गए बजट का ही परिणाम है कि गोशाला को भारी ग्रांट मिल रही है और गोशालाएं स्वावलंबी बन रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा गोशालाओं को ग्रांट दिया जाना गो संवर्धन में एक मिल के पत्थर के समान है। प्रदेश की यह पहली सरकार है जो गोसेवा की ओर अग्रसर है और अधिक से अधिक ग्रांट प्रदान की जा रही है। इससे पूर्व की सरकारें गोसेवा व संवर्धन की बातें तो करती थी लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं होता था लेकिन मनोहर लाल सरकार ने गोसेवा के क्षेत्र में वास्तव में काम करके दिखाया है। सरकार के प्रयासों से प्रदेश की गोशालाओं की स्थिति सुधरी है। उन्होंने कहा कि सरकार व आयोग मिलकर बेसहारा गोवंश के लिए बेहतरीन योजना बना रही है। प्रदेश में नई गोशालाओं का भी पंचायतों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर निर्माण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी को सफीदों विधानसभा की सभी गोशालाओं को सफीदों के जींद रोड स्थित श्री गोशाला प्रांगण में ग्रांट वितरित की जाएंगी।