03जेएनडी31-बिजली निगम नगूरां मे उपभोक्ताओं की समस्या सुनते एक्सईएन विकास मलिक व अन्य अधिकारी। स
अलेवा। बिजली निगम नगूरां के परिसर में बिजली अदालत का आयोजन किया गया। निगम के एक्सईएन विकास मलिक ने उपभोक्ताओं के बिजली बिलों और मीटर संबंधित 12 शिकायतों को सुना। इसमें आधे से ज्यादा शिकायतों का मौके पर ही निवारण कर दिया। विकास मलिक ने कहा कि उपभोक्ताओं की अक्सर शिकायत रहती है कि गलत रीडिंग के बिल आने पर बिजली के बिल नहीं भर पाए।
उनके लिए सरकार की तरफ से सरचार्ज माफी योजना आई हुई है। इस योजना के तहत उपभोक्ता बिजली के बिल भर कर सरचार्ज माफी योजना का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि बिजली अदालतों के माध्यम से एक आम आदमी अपनी समस्या अपने नजदीकी केंद्र पर रख कर हल करवा सकता है।
ग्रामीण अंचल के लोगों की समस्या को देखते हुए सब डिवीजन स्तर पर बिजली अदालतें लगाई जा रही हैं। बिजली अदालत में गलत बिलिंग के अलावा वोल्टेज संबंधित, बिजली आपूर्ति में बाधाएं शिकायतें पहुंचीं। अदालत में नगूरां निवासी एक किसान ने ट्यूबवेल संबंधित कनेक्शन के जल्दी जारी करने की मांग रखी, ताकि धान की फसल बिजाई में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आए।
एक्सईएन ने मामले को लेकर किसान से एक से दो महीने तक उसके खेत में ट्यूबवेल कनेक्शन चालू करने की बात कही। उसके बाद अलेवा निवासी सतीश ने उसकी दुकान के बार-बार गलत बिल के आने का मामला एक्सईएन के सामने रखा, जिस पर एक्सईएन ने निगम एसडीओ को मामले को लेकर समस्या का समाधान करने का आदेश दिया। इस अवसर पर बिजली निगम नगूरां के एसडीओ आन्नद कुमार, जेई नफे सिंह और अजय कुमार भी उपस्थित रहे।