संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना । दशहरे पर धमतान साहिब में माथा टेकने और गांव में परिजनों से मिलकर चंडीगढ़ लौट रहे धरौदी गांव निवासी दंपती छबील दास (53) और कमला देवी (45) की पंजाब में सड़क हादसे में मौत हो गई। उनके बेटे सौरव और बेटी मोनिका घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए पटियाला के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव धरौदी में शोक की लहर दौड़ गई। दंपती की मौत से दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।
परिवार के सदस्य सुखबीर ने बताया कि उनके चाचा छबील दास शिक्षा विभाग में सुपरिंटेंडेंट के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात थे। मंगलवार को दशहरे के अवसर पर व परिवार को साथ धमतान साहिब में माथा टेकने आए थे। वे मंगलवार शाम को कार से चंडीगढ़ जा रहे थे। इस दौरान समाना-पातड़ां रोड पर गांव शाहपुर के बस अड्डे के पास कार और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई।
हादसे में उनके चाचा और चाची की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस चौकी मवी कलां के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो वारदात के बाद से फरार है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
गांव में पसरा मातम : दशहरे पर परिवार के साथ खुशियां बांटकर चंडीगढ़ लौट रहे दंपती की अचानक मौत से धरौदी गांव में मातम छा गया। परिवार से मिलकर छबील दास और कमला अपने घर के लिए निकले थे कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर पहुंच गई।
फोटो 21जेएनडी11-छबीलदार अपने बेटे के साथ। फाइल फोटो