जींद। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम पुलकित मल्होत्रा के मार्गदर्शन में खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश मलिक ने वीरवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में उपमंडल के सभी बीएलओ की बैठक बुलाई। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित मतदाता कार्ड में हुई त्रुटियों को दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी मतदाता पहचान पत्र में कोई फोटो रंगीन नहीं है या किसी के नाम मे बदलाव करना है तो इसे समय रहते दूर करें। यदि किसी मतदाता ने दो जगह अपना वोट बनवाया है तो उचित फॉर्म नंबर भरकर मतदाता सूची में हुई त्रुटि को दूर करें।
इसके अलावा जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या किसी दूसरे स्थान पर स्थाई रूप से रह रहे हैं, इसकी जांच कर उन सभी त्रुटियों को दुरुस्त करें, ताकि समय रहते त्रुटियां दूर की जा सकें। इस मौके पर निर्वाचन कानूनगो नरेश कुमार, कोमल, कर्मबीर, सोहन लाल, बहादुर सिंह, सत्यप्रकाश, उमेद, अजय राठी, दलबीर, सतीश मौजूद रहे। संवाद