नागरिक अस्पताल में कोरोना को लेकर अलर्ट।
- फोटो : Jind
जींद। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। अब स्वास्थ्य विभाग ने हाथ मिलाकर नहीं, हाथ जोड़कर अभिवादन करने का आह्वान किया है, क्योंकि हाथ मिलाने से भी कोरोना वायरस फैलता है। वहीं जिले के तीन नागरिक अस्पतालों में बनाए आइसोलेशन वार्डों में छह-छह बेड आरक्षित किए गए हैं जबकि दो बेड सीएचसी कालवा में आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी आइसोलेशन वार्ड बनाकर दो-दो बेड आरक्षित किए गए हैं। नागरिक अस्पताल प्रशासन ने तीन हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि कोई भी व्यक्ति 24 घंटे इन नंबरों पर कोरोना वायरस से संबंधित सूचना दे सके।
देश में इस समय छह लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा है। जिले के जींद, नरवाना और सफीदों के नागरिक अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड स्थापित किए गए हैं। इनमें छह-छह बेड आरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा कालवा सीएचसी में भी दो बेड आरक्षित रखे गए हैं। बालाजी अस्पताल, डॉ. मीनाक्षी जैन अस्पताल, दिल्ली अस्पताल, डॉ. मनोज गर्ग अस्पताल में दो-दो बेड व नरेश शर्मा अस्पताल में चार बेड आरक्षित रखे गए हैं। नागरिक अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा नहीं होने के कारण सर्वोदय अस्पताल, डॉ. मीनाक्षी जैन व बालाजी अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा तैयार रखने को कहा गया है।
रैपिड रिस्पांस टीम गठित
नागरिक अस्पताल में कोरोना वायरस से संबंधित सभी मामलों पर नजर रखने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। इसमें एक फिजिशियन, एक बच्चों के चिकित्सक और एक पेथोलाजिस्ट को शामिल किया गया है। इन लोगों को 24 घंटे अलर्ट पर रखा गया है।
तीन हेल्पलाइन नंबर जारी
नागरिक अस्पताल में 9466750317, 9416317978, 9017608612 नंबरों को हेल्पलाइन के तौर पर जारी किया गया है। इन पर 24 घंटों में कोई भी व्यक्ति कोरोना से संबंधित जानकारी ले सकता है तथा कोई भी सूचना दे सकता है।
चीन से आए लोगों पर नजर
दिसंबर से अब तक जींद जिले में विभिन्न देशों से वाया चीन होकर या चीन से 31 लोग पहुंचे हैं। इन सभी पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। समय-समय पर इनका चेकअप भी किया जा रहा है। जिले में अब तक कोई भी संदिग्ध या कोरोना वायरस से पीड़ित व्यक्ति नहीं मिला है। नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों, चिकित्सकों व तीमारदारों को आपस में हाथ मिलाने की बजाय हाथ जोड़कर अभिवादन करने की अपील की जा रही है। - डॉ. जयभगवान जाटान, सिविल सर्जन, जींद।