जींद। जिले में कोरोना का कहर लगातार जारी है। पिछले तीन दिन से लगातार कोरोना संक्रमित लोग मिले रहे हैं। शनिवार को भी दो लोगों में कोरोना की पुष्टी हुई है। इन दोनों का कनेक्शन दिल्ली से जुड़ा है। अब स्वास्थ्य विभाग इनके संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटा रहा है।
जिले में एक केस लजवाना कलां गांव में मिला है तो दूसरा जींद शहर के पटियाला चौक पर। लजवाना कलां गांव निवासी युवक दिल्ली में पोस्टमैन है और पटियाला चौक निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति रेलवे में टेक्निशियन है। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग ने दोनों को पीजीआई रोहतक भेज दिया है। अब तक जिले में कुल 40 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें से 26 ठीक हो चुके हैं और तीन की मौत हो चुकी है। जबकि 11 लोग अभी भी कोरोना पॉजिटिव हैं।
पटियाला चौक निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति रेलवे टेक्निशियन के अनुसार वह 30 मई को जम्मू से दिल्ली लौटा था और इसके बाद 31 मई को दिल्ली में ही काम किया। एक जून को वह रोहतक तक स्टाफ के लिए चलाई जा रही विशेष ट्रेन से आया और रोहतक से बाइक पर सवार होकर जींद पहुंचा। इसके बाद तबीयत कुछ ठीक नहीं थी तो चार जून को नागरिक अस्पताल में जांच करवाई। इसके बाद शनिवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उनके परिवार में चार लोग हैं और चारों के सैंपल करवा दिए गए हैं। वहीं उनके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों की पहचान की गई है।
दूसरी ओर जुलाना क्षेत्र लजवाना कलां गांव में कोरोना का संक्रमण आया है। लजवाना गांव निवासी युवक दिल्ली पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर तैनात है। दिल्ली पोस्ट ऑफिस में साथ काम करने वाला कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया तो जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चार जून को उसने कोरोना का टेस्ट करवाया गया। शनिवार को पोस्ट ऑफिस कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग कोरोना पॉजिटिव के घर पहुंचा। टीम ने कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए परिवार के सदस्यों व पड़ोसियों को कोरोना का टेेस्ट के लिए जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया। कोरोना पॉजिटिव को उपचार के लिए जींद के सामान्य अस्पताल में रेफर कर दिया गया। युवक 29 मई को गांव में आया था। कर्मचारी के पास फोन पर सूचना दी गई कि पोस्ट ऑफिस में काम करने वाले एक कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है इसलिए आप भी कोरोना का टेस्ट करवा लो। कर्मचारी ने जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर कोरोना का टेस्ट करवाया।
लजवाना कलां गांव में कोरोना पॉजिटिव का दूसरा केस
लजवाना कलां गांव में कोरोना पॉजिटिव का दूसरा केस सामने आया है। चार जून को गांव लजवाना कलां के रहने वाले एक युवक की भी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट सामने आई थी। 38 वर्षीय युवक रोहतक में इलेक्ट्रिशियन का काम करता है। इसके बाद उसके परिवार के नौ व पड़ोस के सात लोगों की कोरोना टेस्ट करवाया गया था। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
वर्जन
दिल्ली पोस्ट ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी लिजवाना कलां निवासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दिल्ली पोस्ट ऑफिस में साथ काम करने वाला कर्मचारी पॉजिटिव पाया गया तो जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 4 जून को कोरोना का टेस्ट करवाया गया। शनिवार को पोस्ट ऑफिस कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
- डॉ. नरेश वर्मा, एसएमओ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना।