नागरिक अस्पताल सफीदों की बाहरी तस्वीर।
- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल सफीदों में भर्ती कोरोना पॉजिटिव युवक अस्पताल की बिल्डिंग से कूद गया।
युवक के कूदने की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना अस्पताल स्टाफ व पुलिस को दी गई। सूचना पाकर अस्पताल का स्टाफ व पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल के दूसरी मंजिल पर स्थित कोविड-19 वार्ड की छत से कूदने के कारण युवक के पांव में चोट आई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उसकी मन:स्थिति को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि वार्ड 17 में तीन जुलाई को रेडिमेड सप्लायर युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जब उसके संपर्क में आए परिवार के लोगों के कोरोना सैंपल लिए गए तो 6 जुलाई को उसके परिवार के 9 लोग पॉजिटिव मिले। छह जुलाई को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस युवक को नागरिक अस्पताल सफीदों की दूसरी मंजिल पर स्थित कोविड-19 वार्ड में भर्ती करवाया गया था। बुधवार दोपहर बाद पॉजिटिव युवक ने आपातकालीन बिल्डिंग के छज्जे से कूदकर भागने की कोशिश की। युवक को कूदते हुए अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। कूदने के कारण युवक को चोट आई है। युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया है। परिजनों तथा चिकित्सकों का कहना था कि युवक अकेला ही कोविड-19 वार्ड में दाखिल था। युवक मानसिक रूप से परेशान होने के कारण उसने वहां से भागने की कोशिश की और वह चोटिल हो गया। डॉ. विकास गुप्ता ने बताया कि युवक मानसिक रूप से परेशान था। इसके चलते वह बिल्डिंग से कूद गया।
अस्पताल से भागने का तीसरा मामला
अब तक तीन लोगों ने अस्पताल से भागने की कोशिश की है। इनमें से एक जींद में पॉजिटिव युवक अस्पताल से फरार हो गया था। उसके बाद उसे जुलाना से पकड़ा गया था। दूसरा मामला अप्रैल में जाट धर्मशाला में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में हुआ था। यहां पर क्वारंटीन युवक प्रशासन को चकमा देकर फरार हो गया था। आदर्श कॉलोनी का युवक बिहार वाया दिल्ली होते हुए आया था। सात अप्रैल को उसको जाट धर्मशाला में क्वारंटीन किया गया था। यह युवक धर्मशाला की छत के साथ लगती अन्य छत से होते हुए फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया था।