जिले के लिए राहत भरी खबर यह है कि कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज नहीं आया है। जिले की एक महिला की जांच करवाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कोरोना के कहर से निपटने के लिए जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग पूरी सिद्दत से कार्य कर रहा है। जिले में अब तक विदेश तथा अन्य शहरों से पहुंचे 352 लोगों में से 351 लोगों को ट्रेस किया किया गया है। इनको अपने-अपने घरों में क्वारंटीन किया गया है। अब तक क्वारंटीन की 14 दिन की अवधि को 62 लोग पूरा कर चुके हैं, जिन्हें स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन से मुक्त कर दिया। जिले में अब भी 289 लोग घरों में क्वारंटीन हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने कहा कि जिले में फिलहाल एक भी कोरोना संक्रमित व्यक्ति नहीं मिला है। बाहर से आने वालों में कुछ लोग मुंबई जैसे महानगर से आने वाले भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी की जांच कर ली है। 351 लोगों तक स्वास्थ्य विभाग पहुंच चुका है। केवल एक व्यक्ति की पहचान बाकी है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे जिले को सुरक्षित रखने के लिए लॉकडाउन का पालन करें। यदि आप दूसरों को सुरक्षित रखना चाहते हैं तो घर से बाहर न निकलें।
लोगों का ऐसे ही सहयोग मिलता रहा तो जीत जाएंगे जंग
डीसी ने कहा कि जिले में स्थिति बिल्कुल सामान्य व नियंत्रण में है। जिले में केवल एक महिला की जांच करवाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जिस प्रकार से लोग लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं, उससे उम्मीद है कि जिले के लोगों को यह बीमारी छू भी नहीं पाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जितना लॉकडाउन का पालन किया जाएगा, उतना ही हमारा जिला सुरक्षित रहेगा।