कोरोना जांच के लिए सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम। संवाद।
- फोटो : Jind
कोरोना संक्रमण के मामले जिले में लगातार बढ़ रहे हैं। शनिवार को एक स्कूल की नौ छात्राओं को संक्रमित पाया गया था तो रविवार को फिर से चार विद्यार्थियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। रविवार को 803 लोगों की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिली, जिनमें से 28 लोगों को कोरोना संक्रमित पाया गया। मार्च में संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अब तक 21 दिन में 189 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य विभाग को 803 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें से 28 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दिसंबर के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ संक्रमण के मामले सामने आए हैं। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5442 पहुंच गई है, जबकि इनमें से 5214 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं अभी तक कोरोना की वजह से 85 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में इस समय 143 एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को 159 लोगों के सैंपल लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को 520 लोगों की रिपोर्ट मिलनी अभी बाकी है। नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 11 लोग दाखिल हैं। स्वास्थ्य विभाग अब तक 186914 लोगों के सैंपल ले चुका है। उन्होंने कहा कि लोगों को कोरोना संक्रमण को खत्म करना है तो इसके लिए मास्क लगाना जरूरी है। शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। लोग जितनी लापरवाही बरतेंगे, उतना ही संक्रमण का खतरा बढ़ता जाएगा।
कोराना संक्रमण पर अंकुश लगाने वाली कमेटी ने नहीं किया अभी तक कोई कार्य
जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए डीएसपी पुष्पा खत्री, डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला तथा रेडक्रॉस सचिव राजकपूर सूरा पर आधारित तीन सदस्यीय कमेटी बनाई थी। 17 मार्च को बनाई गई इस कमेटी ने अभी तक इस दिशा में कोई कार्य नहीं किया है, जबकि कमेटी का कार्य विभिन्न समारोह में जाकर वहां पर लोगों को जागरूक करना तथा उन्हें भीड़ करने से रोकना है। इसके अलावा विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या भी निर्धारित करनी थी, लेकिन फिलहाल कमेटी ने कोई कार्य नहीं किया है। इस बारे में डॉ. राजेश भोला ने कहा कि सोमवार से कमेटी बैठक करके कई महत्वपूर्ण निर्णय लेगी।