संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को समाधान शिविर आयोजित हुआ। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में कुल 44 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें मुख्य रूप से बिजली, सिंचाई, पेयजल, सीवर, पेंशन, गली मरम्मत, शिक्षा और पुलिस विभाग से जुड़े मामले शामिल रहे।
डीसी ने सभी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले का नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निपटान सुनिश्चित किया जाए। शिविर के दौरान विभिन्न गांवों और कॉलोनियों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। गांव करसिंधु निवासी रिंकू ने आरटीई के तहत सूची में नाम आने के बाद भी निजी स्कूल द्वारा बच्चे को दाखिला न दिए जाने की शिकायत की। चाबरी कॉलोनी के निवासियों ने सीवर और गली मरम्मत का मुद्दा उठाया। वहीं, जिलेसिंह ने पाजू कलां स्थित अपने खेतों में ट्यूबवेल कनेक्शन न मिलने और बराह खुर्द के सरपंच ने पेयजल घर में बिजली कनेक्शन न होने से आ रही पानी की किल्लत से अवगत कराया।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले इन समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम सत्यवान मान, आरटीए गिरीश, डीआरओ राजकुमार और डीडीपीओ संदीप भारद्वाज मौजूद रहे।