लोगों की समस्या सुनने आए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शहर के लिए सात विकास योजनाओं का उद्घाटन किया और कई योजनाओं की घोषणा की। राजकीय महिला महाविद्यालय मेें आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि जींद को विकास के मामले में आगे लाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद के युवाओं को रोजगार परक शिक्षा मुहैया कराने के लिए पॉलीटेक्निक कॉलेज बनाया जाएगा। ट्रांसपोर्टों और ऑटो मार्केट की दिक्कत दूर करने के लिए 25 एकड़ में ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाएगा। सीएम ने कहा कि भिवानी रोड रेलवे लाइन पर लगने वाले जाम से निजात पाने के लिए यहां आरओबी, मिनी बाईपास पर सिटी रेलवे स्टेशन के पास अंडर पास बनाया जाएगा। सीएम ने कहा कि रेलवे से संबंधित सभी योजनाओं के लिए वे जल्द ही रेल मंत्री से मुलाकात भी करेंगे। सफीदों क्षेत्र में बिजली समस्या दूर करने के लिए 220 केवी का नया बिजली घर बनाया जाएगा।
नौ परियोजनाओं का किया उद्घाटन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को जिले में नौ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया इन पर करीब 37 करोड़ की लागत आई है। इनमें 17 करोड़ 70 लाख रुपये से बने जींद-भिवानी रोड से होते हुए जींद-हांसी बाईपास, कहसून गांव में 16 एकड़ भूमि पर 42 लाख 64 हजार रुपये की राशि से विकसित किए गए हर्बल पार्क, नरवाना में 146 लाख रुपये से बनाए गए पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह, 12 करोड़ 50 लाख रुपये से कालवा किनाना ड्रेन पर बराह गांव के पास बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा जींद शहर में 25 लाख रुपये की राशि से बनाए गए रैन बसेरे एवं नरवाना उपमंडल के नारायणगढ़ गांव में बनाए गए आरोही स्कूल का उद्घाटन किया।
गांवों को मिले पार्क
मुख्यमंत्री ने मेरा गांव मेरी बगिया योजना के तहत रामराये एवं हैबतपुर गांव में बनाए गए पार्कों का उद्घाटन भी महिला कॉलेज परिसर से ही किया। इस परियोजना के तहत जींद शहर के सभी 25 पार्कों का नवीनीकरण किया जाएगा। प्रथम चरण में 10 पार्कों का नवीनीकरण का कार्य स्कूली विद्यार्थियों के श्रम दान के माध्यम से शुरू करवा दिया गया है, जिनमें से कुछ पार्कों का नवीनीकरण कर लिया गया है।