मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मंगलवार को उचाना विधानसभा क्षेत्र में करीब 64 करोड़ रुपये की चार विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के पश्चात अलेवा में आयोजित होने वाली जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री उचाना स्थित आचार्य महामंडलेश्वर गणेशानंद महाराज धर्मार्थ ट्रस्ट के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उचाना में होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों का सोमवार को डीसी विनय सिंह और एसएसपी अभिषेक जोरवाल ने जायजा लिया। डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री के सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री इन परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
उचाना में तीन करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले लोक निर्माण विश्राम गृह, अलेवा में 12 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महिला महाविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।
वहीं 24 करोड़ रुपये उचाना विधानसभा के 14 गांवों में जलापूर्ति को सुनिश्चित करने वाली पाइप लाइन, अलेवा खंड के 10 गांवों के लिए नहरी पानी आधारित जलापूर्ति की लाइन बिछाने की परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे।
इस विकास परियोजना पर करीब 20 करोड़ रुपये की राशि खर्च की आएगी। अलेवा से थुआ वाया शामदों तक चार करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से बनने वाली करीब 12 किलोमीटर और 516 मीटर लंबी सड़क की आधारशिला रखेंगे।
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
डीसी विनय सिंह के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सुबह 11:55 बजे चंडीगढ़ से हेलीकाप्टर से गोहियां गांव में बने हैलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद 11 बजे अलेवा में होने वाली जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री 11:40 बजे उचाना के लिए रवाना होंगे और 12 बजे उचाना पहुंच जाएंगे। दोपहर 12:15 बजे वे एसडी कॉलेज के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और दोपहर बाद एक बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे।