जींद। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने वीरवार को जिला रोजगार कार्यालय पर दस्तक दी। यहां जांच के दौरान सहायक आंकड़ा अधिकारी व लिपिक के हाजिरी कॉलम दिसंबर माह से खाली मिले। विभागीय अधिकारी द्वारा दोनों कर्मियों के तीन दिन हिसार में ड्यूटी होने की बात कही गई। सीएम फ्लाइंग ने विभाग की रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। आगामी कार्रवाई विभाग द्वारा अमल में लाई जाएगी।
सीएम फ्लाइंग के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रोजगार कार्यालय के कर्मचारी नदारद रहते हैं। शिकायत पर उनके नेतृत्व में टीम का गठन किया गया, जबकि नायब तहसीलदार अजय को स्पेशल अधिकारी नियुक्त किया गया। टीम ने जब कार्यालय पर दस्तक दी तो जिला रोजगार अधिकारी डॉ. अंजू नरवाल हाजिर मिली। स्टाफ के बारे में जानकारी जुटाने के साथ-साथ हाजिरी रजिस्टर की जांच की गई। इसमें सहायक आंकड़ा अधिकारी रेखा देवी, लिपिक रामकेश के हाजिरी कॉलम दिसंबर माह से निरीक्षण तक खाली पाए गए। दोनों कर्मियों के बारे में जिला रोजगार अधिकारी ने टीम को बताया कि दोनों कर्मियों की ड्यूटी तीन दिन हिसार होती है लेकिन हाजिरी कॉलम खाली रहने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पर सीएम फ्लाइंग ने रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी।