सीएम फ्लाइंग की दबिश में नौ कर्मचारी मिले गैरहाजिर, दो बसों के चालान
सुबह नौ बजे आरटीए ऑफिस में दी दबिश, मौके पर मिले छह कर्मचारी
दस बजे तक पहुंचा आरटीए ऑफिस का पूरा स्टाफ
अमर उजाला ब्यूरो
जींद। सुबह नौ बजे सीएम फ्लाइंग हिसार के इंस्पेक्टर कंवर सिंह की अगुवाई में टीम ने आरटीए ऑफिस में दबिश दी। नौ बजे आरटीए ऑफिस में केवल छह कर्मचारी काम पर मिले, जबकि नौ कर्मचारी नहीं मिले। ऑफिस के सभी कर्मचारी लगभग दस बजे तक ऑफिस पहुंचे। इस दौरान टीम ने जो कर्मचारी जिस-जिस समय पहुंचा, उसकी उसी समय हाजिरी लगाई गई। टीम ने पांच कर्मचारियों की गैरहाजिरी लगाई। रूट परमिट नहीं मिलने के कारण दो बसों के चालान करने के साथ दो बसों को जब्त किया गया। सीएम फ्लाइंग ने पिछले 15 दिनों की ऑफिस की सीसीटीवी फुटेज मांगी है।
सीएम फ्लाइंग हिसार के इंस्पेक्टर कंवर सिंह ने स्थानीय पुलिस व गुप्तचर विभाग के कुछ कर्मचारियों को लेकर सुबह नौ बजे लघु सचिवालय स्थित आरटीए ऑफिस में दस्तक दी। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने इस कार्रवाई को लेकर हड़कंप मच गया। टीम ने हाजिरी रजिस्टर चेक किया तो उसमें केवल छह कर्मचारियों की ही हाजिरी लगी थी। इसके बाद टीम ने रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिया। अन्य दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए। जो-जो कर्मचारी दस बजे तक पहुंचे टीम ने उनके आने के समय के अनुसार हाजिरी लगाई। दस बजे तक पांच कर्मचारी नहीं पहुंचने पर उनकी गैर हाजिरी लगा दी। इस दौरान टीम ने जब कागजातों की जांच की तो इसमें चार बसों के रूट परमिट नहीं मिलने पर दो बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को निर्देश देकर रास्ते में ही जब्त कर लिया। टीम ने आरटीए ऑफिस की पिछले 15 दिन की सीसीटीवी फुटेज विभाग से मांगी है।
बॉक्स
11 बजे आरटीए ऑफिस से बाहर निकली टीम
जांच के बाद 11 बजे टीम आरटीए ऑफिस से बाहर निकली। इसके बाद ही ऑफिस के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। लघु सचिवालय में पूरे दिन कर्मचारियों के बीच इस टीम की कार्रवाई की चर्चा होती रही। हर कोई कर्मचारी आपस में पूछ रहा था कि कोई फंसा तो नहीं। बाद में पता चला कि यह रूटीन कार्रवाई थी। इसके बाद ही कर्मचारियों को सांस में सांस आई।
बॉक्स
गैरहाजिर मिले कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
मुझे केवल यह पता है कि ऑफिस में सीएम फ्लाइंग की टीम पहुंची थी। अब तक यह पता नहीं चला कि टीम ने ऑफिस में क्या कार्रवाई की। मैं आज छुट्टी पर हूं। यदि ऑफिस में कोई कर्मचारी गैरहाजिर मिला है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सत्येंद्र दूहन, सचिव आरटीए एवं एडीसी।
फोटो कैप्शन
30जेएनडी 28 : आरटीए ऑफिस में जांच करती सीएम फ्लाइंग टीम।
30जेएनडी 29 : बिना कर्मचारियों के खाली पड़ा आरटीए ऑफिस।