संवाद न्यूज एजेंसी
जीद। सीएम फ्लाइंग की टीम ने वीरवार को श्रम बोर्ड के कार्यालय पर छापा मारा। इस दौरान श्रम एवं कंस्ट्रक्शन विभाग के 16 कर्मचारियों में से सात कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इन सभी कर्मियों के तीन से पांच अक्तूबर तक हाजिरी रजिस्टर के कॉलम खाली पाए गए। टीम ने लंबित शिकायतों के रिकार्ड को जुटाया और शिकायत लंबित होने का कारण लिखित में मांगा।
कार्यालय में काम करवाने आए लोगों से शिकायत जानी तो एक व्यक्ति ने बताया कि वह एक वर्ष से चक्कर काट रहा है, लेकिन कोई भी जानकारी नहीं दे रहा। इसके अलावा काफी लोगों ने बताया कि वह कई दिनों से आ रहे हैं, लेकिन यहां पर कोई सुनवाई नहीं कर रहा। सीएम फ्लाइंग को शिकायत मिली थी कि लेबर बोर्ड में कर्मचारी ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इसके कारण कार्य कराने आए मजदूर और आम लोग परेशानी रहते हैं। इसके चलते कार्यालय में शिकायतें लंबित रहती हैं। इसके आधार पर डीएसपी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर राजदीप, सब इंस्पेक्टर बिजेंद्र, एएसआई कर्मबीर व ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार अजय चौहान के साथ लेबर बोर्ड कार्यालय पर दस्तक दी। टीम ने श्रम एवं भवन निर्माण और श्रम आयुक्त कार्यालय के हाजिरी रजिस्टर को कब्जे में ले लिया। जांचने पर पाया की श्रम एवं निर्माण कार्यालय के 16 कर्मियों में से सात कर्मचारी गैर हाजिर हैं। इनके तीन अक्तूबर से हाजिरी कालम खाली पाए गए हैं। इसमें पांच क्लर्क और दो डाटा इंट्री आपरेटर गायब मिले, जबकि सहायक लेबर कमिश्नर पद तीन माह से खाली है। इसके अलावा एक इंस्पेक्टर का पद खाली मिला तो दूसरे छुट्टी पर पाए गए। टीम ने वहां पर काम के लिए आए लोगों से भी समस्याएं सुनीं और उनकी शिकायत लिखित में ली। टीम ने कार्यालय में पड़ी लंबित शिकायतों तथा लंबित होने के कारणों को भी रिकार्ड किया। इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया है।
बाक्स
कर्मचारियों ने लोगों को कुर्सी पर बैठा कर किया काम
सीएम फ्लाइंग ने जब विभाग के कार्यालय पर छापा मारा तो उस दौरान जो कर्मी लोगों को टरका रहे थे। वही कर्मी उन लोगों का कुर्सी पर बैठा सलीके से उनकी समस्या का निपटान करने लगे। लोगों का कहना था कि काश छापा मारने की कार्रवाई लगातार होती तो लोगों को न चक्कर लगाने पड़ते और न लाइन में खड़े होकर इंतजार करना पड़ता।
बाक्स
गांव रत्ताखेड़ा निवासी सिंद्र ने बताया कि उसकी एक साल पहले कापी कट गई थी। इसके बाद से वह कापी बनवाने के लिए लगातार चक्कर काट रहा है। उसकी कापी क्यों काटी गई इसका कोई जवाब भी नहीं दिया जा रहा है। बुढ़ाबाबा बस्ती निवासी महेंद्र ने शिकायत में बताया कि वह वर्क स्लिप के लिए पिछले एक वर्ष से श्रम विभाग के चक्कर काट रहा है। इसके बारे में वह ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन कर चुका है। इसके बाद भी वर्क स्लिप नहीं बनी।
वर्जन
छापे की कार्रवाई के दौरान श्रम विभाग के सात कर्मी गैरहाजिर मिले, जबकि लंबित शिकायतों का रिकार्ड और कारणों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी गई है। आगामी कार्रवाई विभाग की ओर से अमल में लाई जाएगी।- रविंद्र कुमार डीएसपी सीएम फ्लाइंग, जींद।