क्लीनिक पर जांच करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : Jind
जुलाना के कन्या स्कूल वाली गली में सालासर हेल्थ क्लीनिक पर सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की पीएनटीडी टीम के इंचार्ज डॉ. प्रभुदयाल के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। छापे के दौरान टीम को यहां दो फर्जी चिकित्सक मिले। क्लीनिक की तलाशी लेने पर वहां से एक एमटीपी किट, 20 नशे की गोलियां तथा छह गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली गोलियां बरामद हुईं। टीम को यहां क्लीनिक पर कोई मरीज नहीं मिला। पुलिस ने दोनों फर्जी चिकित्सों को गिरफ्तार कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज करेगी। आरोपियों की पहचान सोनीपत जिले के गांव कालपा निवासी बलराम और जुलाना के वार्ड नंबर छह निवासी सुखबीर के रूप में हुई है।
पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. प्रभुदयाल ने बताया कि उन्हें सीएम कार्यालय से सूचना मिली थी कि जुलाना के कन्या स्कूल वाली गली में सालासर हेल्थ क्लीनिक पर गर्भपात किया जाता है। यहां पर नशे की दवा व कुछ अन्य प्रतिबंधित दवाएं बेची जाती हैं। यहां पर चिकित्सक का काम करने वाले दोनों लोगों के पास कोई डिग्री भी नहीं हैं। उन्होेंने कहा कि सोमवार दोपहर दो बजे सीएम फ्लाइंग को साथ लेकर क्लीनिक पर छापा मारा। यहां उन्हें सोनीपत जिले के गांव कालपा निवासी बलराम और जुलाना के वार्ड नंबर छह निवासी सुखबीर मिले। दोनों से जब क्लीनिक चलाने के लिए कोई डिग्री या डिप्लोमा मांगा गया तो वे नहीं दे सके। इसके बाद टीम ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। टीम ने जब क्लीनिक की जांच की तो वहां से एक एमटीपी किट, 20 नशे की गोलियां, गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली छह गोलियां मिलीं। इसके अलावा टीम ने यहां से इस्तेमाल की गई सिरिंज भी बरामद की है। सारे सामान को टीम ने अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस अब इन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच करेगी।
बलराम छह महीने पहले लिजवाना कलां में चलाता था क्लीनिक
प्राथमिक जांच में सामने आया कि बलराम ने छह महीने पहले ही जुलाना में क्लीनिक खोला है। इससे पहले वह चार-पांच साल तक लिजवाना कलां में अपना यही क्लीनिक चलाता रहा। वहां जब बलराम को कुछ परेशानी होने लगी तो उसने अपना क्लीनिक जुलाना में शिफ्ट कर लिया। यहां से बरामद हुई सिरिंज से पता चला है कि बलराम अपने क्लीनिक में गर्भपात जैसे कार्य भी करता था।
सालासर हेल्थ क्लीनिक से एक एमटीपी किट, 20 नशे की गोलियां, छह गर्भपात में इस्तेमाल की जाने वाली गोलियां तथा इस्तेमाल हुई सिरिंज बरामद हुई है। यहां से बलराम तथा सुखबीर को पकड़ा गया है। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस को शिकायत दे दी गई है। अब पुलिस इनके खिलाफ मामला दर्ज करेगी। स्वास्थ्य विभाग की जांच भी जारी रहेगी।
डॉ. प्रभुदयाल, नोडल अधिकारी पीएनडीटी।