जींद। सोमवार को जुलाना व नरवाना खंड में हुई बारिश के बाद मंगलवार सुबह भी आसमान में बादल छा गए थे। हालांकि जिले में कई स्थानों पर बूंदाबांदी जरूर हुई लेकिन तेज बारिश नहीं हुई। किसानों ने धान लगा लिए हैं जिसके बाद अब किसानों को बारिश की जरूरत है ताकि धान की फसल में पानी ठहर सके।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह बादल छाए रहेंगे और बरसात होने की भी ज्यादा संभावना बनी है। आगामी सात अगस्त तक अधिकतम तापमान 33 डिग्री तो न्यूनतम 26 डिग्री रहने के आसार हैं। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 26 डिग्री रहा।
सुबह पिल्लूखेड़ा खंड के कई गावों में बूंदाबांदी हुई तो वहीं जींद, जुलाना व उचाना में भी बूंदाबांदी हुई।
इसके कारण दिन में भी आमजन को गर्मी से राहत मिली। सुबह से शाम तक आसमान में बादल छाए रहे। बरसात से धान बाजरा, कपास समेत सभी फसलों को लाभ मिलेगा। इसके चलते किसानों के चेहरे खिले हुए हैं।