पतराम नगर में सोमवार को दोपहर बाद बाइक सवार युवकों ने हुड़दंग मचाया। पुलिस के पहुंचने से पहले बाइक सवार युवक वहां से फरार हो गए। युवकों के बारे में किसी भी कॉलोनीवासी ने पुलिस को लिखित में कोई शिकायत नहीं दी। अब पुलिस गलियों और चौकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर शिनाख्त करने की कोशिश करेगी।
कॉलोनीवासियों के अनुसार दो बाइकों पर सवार छह युवक पतराम नगर में आए और तेज आवाजें लगाते हुए निकल गए। इससे लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद लोगों में भारी नाराजगी है और चेहरों पर खौफ साफ देखा सकता है। इसकी सूचना शहर पुलिस को दी गई। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक युवक निकल चुके थे।
पुलिस को देखकर कॉलोनीवासी भड़क गए और पुलिस कर्मियों को नाराजगी का सामना करना पड़ा। लोगों ने कहा कि यह शहर की सबसे पाश कॉलोनी है और यहां पर इस तरह हो हल्ला करना चिंतनीय है। महिलाओं ने कहा कि पुलिस को ऐसे युवकों की शिनाख्त करके कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पतराम नगर निवासी देवीदयाल ने बताया कि इस तरह की घटनाएं यहां पर कई बार हो चुकी है। पुलिस को सूचना दी जाती रही है, लेकिन किसी भी मामले में पुलिस ने सही कार्रवाई नहीं की। इससे शरारती तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।
दिन दहाड़े शहर में हुड़दंग मचाया जाता है। शहर पुलिस के अनुसार इस मामले की फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। फोन पर सूचना मिली थी, उस समय एक पीसीआर और राइडर भेज दिए गए। पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।