05जेएनडी04: नागरिक अस्पताल में दस्तावेज पूरे होने के इंतजार में खड़ी तीन एंबुलेंस। संवाद
जींद। जिले के मरीजों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं अब एक माह बाद अधिक बेहतर मिलेंगी। नागरिक अस्पताल को मिलीं तीन नई एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस के दस्तावेज पूरे होने में एक माह लगेगा।
जिले में एंबुलेंस की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस 10–12 मिनट में मरीज तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। हालांकि मरीजों को इन नई एंबुलेंसों की सुविधा के लिए अभी करीब एक माह का इंतजार करना होगा।
फिलहाल इनकी पासिंग, पंजीकरण, आरसी, पेट्रोल कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन्हें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालन के लिए भेजा जाएगा।
एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस होती हैं। इनमें ऑक्सीजन सपोर्ट, कार्डियक मॉनिटर, वेंटिलेशन सुविधा, सक्शन मशीन तथा अन्य जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध रहते हैं। इससे गंभीर रूप से घायल अथवा हृदयाघात, सड़क दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बाक्स
जिले में लगातार बढ़ रही आबादी और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए एंबुलेंस सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। नई एंबुलेंसों के संचालन से दूरदराज के क्षेत्रों में भी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी और मरीजों को समय पर उपचार मिलने की संभावना बढ़ेगी। आधुनिक एंबुलेंसों की संख्या बढ़ने से आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी और गोल्डन ऑवर के दौरान मरीजों की जान बचाने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
-डॉ. रवि राणा, नोडल अधिकारी एंबुलेंस