डेंगू और मलेरिया टेस्ट के लिए आई कंप्यूटराइज्ड मशीन का निरीक्षण करतीं सिविल सर्जन डॉ. शशि प्रभा ?
- फोटो : Jind
नागरिक अस्पताल को एलिसा रीडर और वाशर मशीन मिल गई है। यह मशीन डेंगू और मलेरिया का टेस्ट करेगी। पहले यह टेस्ट मैनुअल होते थे, जिसमें दो से तीन दिन लग जाते थे, लेकिन इस मशीन से यह टेस्ट अब पांच-छह घंटे में ही हो जाएंगे। इस मशीन की रिपोर्ट भी मैनुअल से अधिक विश्वसनीय होगी। अस्पताल प्रशासन ने इस मशीन की मांग पांच वर्ष पहले भेजी थी, जो बुधवार को मिली है। इस मशीन पर दो लाख 57 हजार 240 रुपये खर्च हुए हैं। बुधवार से मशीन ने काम करना शुरू कर दिया।
सिविल सर्जन डॉ. शशि प्रभा अग्रवाल, डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला व मलेरिया अधिकारी डॉ. जेके मान ने बताया कि एलिसा रीडर एवं वाशर मशीन से मलेरिया व डेंगू की रिपोर्ट पांच-छह घंटे में ही उपलब्ध हो जाएगी। इस मशीन की रिपोर्ट अधिक विश्वसनीय होगी। बायो मेडिकल इंजीनियर वरुण ने मशीन को इनस्टॉल कर दिया है। चिकित्सकों के अनुसार अगर किसी मरीज में डेंगू की पुष्टि होती है तो उसका उपचार भी नागरिक अस्पताल में मुफ्त किया जाएगा। मैनुअल प्रक्रिया में पहले ब्लड को वॉश करने में ही काफी समय लग जाता था। उसके बाद रिपोर्ट तैयार होती थी।
लैब टेक्नीशियन राजबीर ने बताया कि इस मशीन में मरीज का ब्लड सैंपल लेकर डाला जाएगा और दो तरह की रिपोर्ट डेंगू एंटीजन व डेंगू एंटीबॉडीज उपलब्ध होगी। दोनों ही रिपोर्ट पांच से छह घंटे के बीच मरीज को उपलब्ध होगी।
मुफ्त होगी जांच
डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि नागरिक अस्पताल में डेंगू की जांच की सुविधा मुफ्त होगी। अगर किसी मरीज में डेंगू के लक्षण दिखाई दें तो वह तुरंत नागरिक अस्पताल आकर इसकी जांच करवा सकता है। चिकित्सक से परामर्श कर डेंगू की जांच होगी। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव पाई जाती है तो उसे उपचार की सुविधा भी मुफ्त उपलब्ध करवाई जाएगी।
पिछले वर्ष के मुकाबले कम हुआ डेंगू का डंक
सिविल सर्जन डॉ. शशिप्रभा अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष मलेरिया और डेंगू के बहुत कम मामले आए हैं। पिछले वर्ष जहां मलेरिया के 56 व डेंगू के 50 मामले सामने आए थे, वहीं इस वर्ष अब तक मलेरिया के तीन व डेंगू के 14 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को इस प्रकार की बीमारियों से बचाव के उपाय के बारे में जागरूक करते हैं।