04जेएनडी03: विश्व कैंसर दिवस पर पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थी पेंटिंग दिखाते
जींद। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंधवी खेड़ा में मंगलवार को विश्व कैंसर दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। इसमें विद्यार्थियों को कैंसर के बारे में जानकारी दी। डॉ. रमेश पांचाल ने स्कूल के स्टाफ व विद्यार्थियों को बताया कि बच्चे धूम्रपान न करके व धूम्रपान करने वालों से दूर रहकर अपने आप को इस तरह की बीमारियों से बचा सकते हैं। उन्होंने बच्चों को शपथ दिलवाई कि सभी बच्चे अपने जानकारों से धूम्रपान छोड़ने के लिए अनुरोध करें।
इसके अलावा जो भी कैंसर पीड़ित उन्हें मिलेगा उसके साथ बात करके उसको हौसला देने का काम करेंगे। मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सिंधवी खेड़ा गांव के ग्रामीण राजबीर कटारिया जो स्वयं कैंसर से पीड़ित हैं, उन्होंने बच्चों के साथ अपने अनुभव साझा किए और बच्चों को बताया कि किस प्रकार उनकी ज्यादा धूम्रपान करने की आदत ने उनको कैंसर की तरफ धकेल दिया। अपने मजबूत इरादों के कारण आज वह कैंसर को मात देने में सफल हुए हैं।
विद्यालय प्राचार्य सुनीता मलिक ने कहा कि विद्यालय इस प्रकार के आयोजन जो बच्चों की सेहत और स्वास्थ्य से संबंधित होते हैं। उनका आयोजन नियमित तौर पर करता है। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने कैंसर विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता बच्चों को नागरिक अस्पताल की तरफ से पुरस्कार दिए गए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉक्टर संजीत सिंह, डॉ. मनदीप, स्टाफ नर्स रेनू, मनोज कुमार, सुनील कुमार व काउंसलर कमलेश बेरवाल मौजूद रही।