15जेएनडी25-नागरिक अस्पताल में चेकअप के लिए अपने बच्चे लेकर पहुंची महिलाएं। संवाद
जींद। जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही बच्चों में बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। इसका असर नागरिक अस्पताल की ओपीडी पर साफ दिखाई दे रहा है जहां पिछले कुछ दिनों में बच्चों के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नागरिक अस्पताल में रोजाना बच्चों की 300 से ज्यादा ओपीडी हो गई है। अभिभावक बच्चों को बुखार और उल्टी-दस्त जैसी समस्याओं के चलते लेकर आ रहे हैं। मौसम में बदलाव और बढ़ती गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य पर सीधा असर डाल रही है। खासकर छोटे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण वे जल्दी पीड़ित हो जा रहे हैं।
ओपीडी में आने वाले अधिकतर बच्चों में तेज बुखार, शरीर में कमजोरी, गले में संक्रमण और डिहाइड्रेशन की शिकायतें सामने आ रही हैं। चिकित्सकों ने बच्चों को ताजा और हल्का भोजन देने, साफ पानी पिलाने और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से दूर रखने की भी सलाह दी गई है। बच्चों में बुखार या अन्य कोई बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में दिखाना चाहिए।
वर्जन
दोपहर में तेज धूप और गर्म हवा बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। ऐसे में अभिभावकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सलाह है कि बच्चों को दिन के समय धूप में बाहर न निकलने दें। -डॉ. रघुवीर पूनिया, बाल रोग विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल जींद