सफीदों। शहर के बीचोंबीच गुजर रही हांसी ब्रांच नहर में मंगलवार को एक सात-आठ साल के बच्चे का शव मिला। सूचना मिलने के बाद डीएसपी साधुराम व शहर थाना प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों शव को पीजीआई रोहतक में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार शव पीछे से बहकर सफीदों पहुंचा है।
गैस एजेंसी रोड स्थित नहर पुल से कुछ पहले किसी व्यक्ति ने नहर में एक बच्चे का शव तैरता देखा। उसने इसकी सूचना तुरंत डायल 112 पर दी। सूचना मिलने के बाद डीएसपी साधुराम शहर थाना प्रभारी सुरेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। साधुराम ने कहा कि शव को देखकर लगता है कि वह सात-आठ साल के बच्चे का है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव कई दिन से पानी में रहने के कारण सड़ी गली अवस्था में है, जिससे उसकी शिनाख्त मुश्किल हो रही है। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में किसी बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई हो तो इसका पता लगाया जा रहा है।