प्रदेश के सीएम मनोहरलाल खट्टर शनिवार को जिले में लगभग एक अरब की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई नई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें आरओबी, पांडू पिंडरा गांव में ओपर एयर थियटर, पार्क, अनाथालय जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
डीसी अजीत बालाजी जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री दोपहर दो बजे सबसे पहले पांडु पिंडारा में तीथ स्थल पर बनाए ओपन एयर थियटर का उद्घाटन करेंगे। यह थिएटर रामकिशन जिंदल ने अपने भाई स्वर्गीय लाला मंशाराम जिंदल की याद में बनवाया है। इस पर 16 लाख रुपये की राशि खर्च हुई है। इसके साथ 23 लाख रुपये निर्मित दो पार्कों का उद्घाटन मुख्यमंत्री करेंगे। इनमें से एक पार्क में ओपन जिम भी लगवाया जाएगा।
इसके बाद करीब पौन तीन बजे दिल्ली-भठिंडा रेलवे लाइन पर बने आरओबी का उद्घाटन करेंगे। इस पुल के निर्माण पर 72 करोड़ 17 लाख रुपये खर्च हुए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में दालमवाला होटल में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग को मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।
अनाथालय का होगा शिलान्यास
मुख्यमंत्री ऑफिसर कॉलोनी में 53 लाख रुपये से बनने वाले अनाथालय की आधारशिला रखेंगे। अनाथालय में 50 बच्चों को रखने की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
इन घोषणाओं को पूरा होने का इंतजार
मुख्यमंत्री जींद शहर में आयोजित कार्यक्रम में करीब एक साल बाद शिरकत कर रहे हैं। पिछले साल 26 दिसंबर को सीएम पहली बार जींद आए थे। इस दौरान उहोंने बीड बड़ावन में गो अभयारण्य बनाने, सामान्य अस्पताल में एमआरआई मशीन लगवाने, भिवानी रोड रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनाने, ऑटो मार्केट जैसी घोषणाएं की थी, लेकिन इनमें से किसी पर भी काम शुरू नहीं हुआ है।