अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए एसडीएम सत्यवान मान। संवाद
- फोटो : Jind
सफीदों। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सत्यवान मान ने जिला परिषद, पंचायत समितियों, सरपंच व पंचों के चुनावों के मद्देनजर चुनाव कार्यों से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वे सफीदों क्षेत्र के अनेक पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने के उपरांत अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाएं और समय रहते पुख्ता प्रबंध पूर्ण करें। मतदान केंद्र पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत सुरक्षा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। उन्होंने एआरओ को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बने मतदान केंद्रों का दौरा करके रैंप, खिड़की, शौचालय, लाइटिंग इत्यादि व्यवस्था समय रहते पूर्ण कर लें और उसकी रिपोर्ट भी भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी पोलिंग स्टेशनों पर उनके नाम व बूथ नंबर जल्द से जल्द पेंट करवाएं।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नामांकन पत्र भरने वाले उम्मीदवरों से फार्म को लेते समय अच्छी तरह से जांच लें और पूरा व साफ भरा हुआ फार्म ही लें। किसी से भी अधूरा भरा हुआ फार्म न लें। उन्होंने प्रत्येक खंड स्तर पर चुनाव कार्य के लिए लिए कंप्यूटर सैट प्रिंटर सहित लगवाने के निर्देश दिए ताकि आने वाले नामांकन पत्रों को तुरंत अपलोड किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे बिना अनुमति के अपना स्टेशन नहीं छोड़े, अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी बगैर अनुमति के स्टेशन छोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तहसीलदारों को निर्देश दिए कि वे गांवों के नंबरदारों, चौकीदार व आंगवाड़ी वर्करों की ड्यूटी निर्धारित की जाए ताकि वे उम्मीदवारों की पहचान कर सकें और उनकी विस्तृत जानकारी उपमण्डल प्रशासन को मुहैया करवाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी करवाई जाए।
बैंकों और बिजली बिलों की अवश्य जांचे एनओसी
अधिकारियों को कहा कि वे चुनाव आयोग द्वारा दी गई चुनाव हैंड बुक की विस्तारपूर्वक जानकारी लें। नामांकन से पहले उम्मीदवारों को लैंड मोरगेज बैंक, सहकारी बैंक, पैक्स व बिजली विभाग से एनओसी अवश्य लेनी होगी। इसके अतिरिक्त वार्ड के लिए निर्धारित वर्ग से जुड़े दस्तावेजों की भी सघनता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची लेकर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करें और अगर किसी अधिकारी को कहीं भी चुनाव के लिए फोर्स की आवश्यकता है तो बताएं ताकि चुनाव को शान्तिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाया जा सके। इसके अलावा सभी मुख्य चौराहों, बाजारों पर भी विशेष नजर रखें ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी अपराधिक घटना को अंजाम न दे सकें।