जींद। बार एसोसिएशन के चुनाव में पिछले 12 दिन से चल रही उठापटक खत्म हो गई है। शुक्रवार को बार की चौधर का ताज 427 वोटों के साथ रामरूप चहल के सिर पर सजा है। इसके अलावा उपप्रधान पद पर हेमंत सुखीजा, सचिव के पद पर देवराज मलिक और सहसचिव के पद पर संदीप पाहवा को विजेता घोषित किया गया है।
जिला बार एसोसिएशन के कुल 888 वोट हैं। जिनमें से 795 वकीलों ने अपने पक्ष के उम्मीदवारों को वोट डाले। हालांकि प्रधान पद पर पांच वोट रद्द हुए, जबकि उपप्रधान पर आठ, सचिव पर छह और सहसचिव पद पर चार वोट रद्द हुए। इसमें प्रधान पद के तीन उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा वोट रामरूप चहल को 427, पूर्व प्रधान राजेश गोयत को 317, राजकुमार रेढू को 44 व संदीप लाठर को दो वोट मिले, हालांकि संदीप लाठर ने रामरूप चहल को समर्थन दे रखा था। इसके अलावा उपप्रधान पद पर तीन उम्मीदवारों में हेमंत सुखीजा को 412, अश्वनी शर्मा को 307, जयभगवान आर्य को 68 वोट मिले। सचिव पद पर देवराज मलिक को 340, सुरेंद्र खटकड़ को 219, विनोद टिंडल को 230 वोट मिले। सहसचिव के पद पर दो उम्मीदवारों में संदीप पाहवा को 591 और दलबीर लाठी को 200 वोट प्राप्त हुए।
------
सभी प्रत्याशियों में सहसचिव संदीप पाहवा की सबसे बड़ी जीत
प्रधान, उपप्रधान, सचिव व सहसचिव के पदों पर हुए चुनाव में सबसे बड़ी जीत सहसचिव के पद पर संदीप पाहवा को 591 वोटों के साथ मिली। जिसमें इनकी 391 वोटों से जीत दर्ज हुई। इसके बाद सचिव पद पर 121 वोटों से देवराज मलिक, प्रधान पद पर नियुक्त हुए रामरूप चहल को 110 वोटों की जीत और उपप्रधान पद पर जीते उम्मीदवार को 105 वोटों से जीत मिली है।
----
विजेता उम्मीदवारों को दिलाई शपथ
चुनाव अधिकारी बलबीर ढुल ने सभी विजेता उम्मीदवारों को बार के सुधार के लिए काम करने की शपथ दिलवाई और अपने कार्यकाल में पिछले प्रधानों से बेहतर करने के प्रयास के लिए सुझाव दिया।