रोहतक। 59वीं राज्यस्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं की तिथियों में फिर से बदलाव कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 2 सितंबर को संशोधित कैलेंडर में रोहतक की खेल स्पर्धाएं, हॉकी बॉयज (अंडर-14, 17 व 19), स्क्वैश (बॉयज एंड गर्ल्स) और योग को 8 से 10 सितंबर तक तय किया है।
निदेशालय के अनुसार, पहले जारी कैलेंडर में कुछ जिलों में खेलों की तिथियां आपस में टकरा रही थीं। साथ ही आईएसएफ की ओर से राष्ट्रीय चयन ट्रायल और स्कूलों की अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी 21 सितंबर से 3 अक्तूबर तक प्रस्तावित हैं।
अभिभावकों और जिलों से मिले प्रस्तावों के बाद निदेशालय ने पूरे शेड्यूल को दोबारा व्यवस्थित किया है। नए कैलेंडर के तहत अब प्रदेशभर की प्रतियोगिताएं 5 सितंबर से 18 सितंबर के बीच चार चरणों में आयोजित की जाएंगी।
पहले चरण में 5 से 7 सितंबर तक सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, पंचकूला और कैथल में 10 खेल होंगे। दूसरे चरण में रोहतक जिले को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। रोहतक में 8 से 10 सितंबर तक तीन खेल-हॉकी बॉयज (अंडर-14, 17 व 19), स्क्वैश (बॉयज एंड गर्ल्स) और योग (गर्ल्स) की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी।
निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई तिथि और नए वेन्यू के अनुसार ही टीमों की भागीदारी सुनिश्चित कराएं।