24जेएनडी07-निजी स्कूल की बसों की जांच करती जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम। स्रोत कर्मचारी
जींद। जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम ने वीरवार को स्कूली बसों की जांच का अभियान चलाया। इस दौरान दो स्कूलों में 16 बसों की जांच की गई। एक बस में सीसीटीवी कैमरा नहीं मिलने पर 500 रुपये का चालान किया गया।
स्कूली बसों में सुरक्षा मानकों की जांच के लिए जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय की ओर से हर वीरवार अभियान चलाया जाता है। इसके लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें डीटीओ कार्यालय से निरीक्षक और एमवीआई, यातायात पुलिस से उपनिरीक्षक और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक प्रतिनिधि शामिल होता है।
टीम की ओर से बसों में सुरक्षा मानकों की जांच की जाती है। इसमें रिफ्लेक्टर, फायर सिलिंडर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड बॉक्स सहित चालक और परिचालक के लाइसेंस की जांच की जाती है। वहीं, पिछले सप्ताह जुलाना क्षेत्र के छह स्कूलों में 13 बसों की जांच के दौरान परमिट, पीयूसी और फर्स्ट एड बॉक्स नहीं मिलने पर 27 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था और बस को इंपाउंड किया गया था।
हालांकि इससे पहले दस सितंबर को स्कूली बसों की जांच नहीं हो पाई थी। अब विभाग की ओर से प्रत्येक वीरवार को नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार चालान और अन्य कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
हर वीरवार को स्कूली बसों की जांच की जाती है। जांच के दौरान एक बस में कैमरा नहीं मिला, जिस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अभियान लगातार जारी रहेगा।
-बलजीत सिंह, निरीक्षक, आरटीए कार्यालय जींद