अग्निपथ योजना के लगातार हो रहे विरोध को रोकने और युवाओं को योजना के बारे में अधिक जानकारी देकर इसका फायदा बताने के लिए शैक्षिणक संस्थानों से भी करार किया गया है। इसके लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अब वेबसाइट पर अग्निपथ नाम से बुकलेट जारी की है। बुकलेट में थल, जल, वायु और नौसेना के अग्निवीरों की भर्ती और उसके औचित्य का ब्योरा दिया गया है। इसमें यह बताया गया है कि किस प्रकार से यह योजना देश और युवा दोनों के लिए लाभकारी है।
सीबीएसई के अलावा संगठन, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल की वेबसाइट पर बुकलेट डालने की तैयारी है। बुकलेट में योजना पर आधारित भर्ती का मॉडल, सशस्त्र बलों में सेवा करने का अवसर, राष्ट्र और व्यक्ति के आधार पर उन्हें सक्षम बनाने की जानकारी है। इस योजना के तहत देशभर में मेरिट के आधार पर भर्ती होगी। भर्ती का आधार और चार साल के कार्यकाल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी गई है।
दो भाषओं में तैयार है बुकलेट
बुकलेट अंग्रेेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में तैयार की गई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस बुकलेट को अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। अन्य बोर्ड की भी साइट पर अपलोड करने के लिए तैयारी चल रही है। बुक लेट के जरिए 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे युवाओं को अग्निपथ योजना के लाभ के बारे में जागरूक किया जा सके।
सीबीएसई की वेबसाइट पर अग्निपथ बुकलेट अपलोड की गई है। बोर्ड से जुड़े स्कूलों के विद्यार्थियों को इसे ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को इसके लाभ बताकर उनमें देशभक्ति की भावना जागृत की जाएगी।
-रीटा अरोड़ा, प्राचार्य महाराजा अग्रसेन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जींद।