जींद। जिले में अलग-अलग तीन जगह से चोरी की वारदात हुई हैं। चोरों ने दो धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी के मामले दर्ज कर लिए हैं।
परशुराम मंदिर से दो लाख रुपये की चोरी
अलेवा क्षेत्र के गांव बिघाना स्थित परशुराम मंदिर में दो लाख रुपये की चोरी हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
गांव के राममेहर शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 मई की रात को अज्ञात लोगों ने भगवान परशुराम मंदिर का शीशा तोडक़र अंदर प्रवेश कर लिया। उसके बाद दानपात्र तोड़कर एक लाख रुपये चोरी कर लिए। इस बार परशुराम जयंती के दिन परिवार में मौत होने के कारण दानपात्र खोला नहीं गया एवं पिछले साल जब दानपात्र खोला गया था तो उसमें 75 हजार रुपये मिले थे। इसके अलावा अन्य कीमती सामान भी मंदिर से गायब मिला है। चोरी की राशि दो लाख रुपये की है। मंदिर में चोरी की घटना तीसरी बार हुई है।
चार तोले सोना और एक किलो चांदी के जेवर चोरी
नरवाना शहर की चमेला कॉलोनी में चोरों ने एक मकान का ताला तोडक़र चार तोले सोना और एक किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
चमेला कॉलोनी निवासी मकान मालिक जय भगवान उर्फ विकास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 22 मई को सुबह गांव कुलां गया हुआ था। सुबह वह वापस आया तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने घर से एक सोने का हार, सोने के कानों के कांटे, सोने का मंगलसूत्र और एक किलो चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि दो चोर घर के अंदर घुस रहे हैं और सामान चोरी करके ले गए हैं। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेरा दादूराम आश्रम को बनाया निशाना
नरवाना क्षेत्र के गांव कर्मगढ़ स्थित डेरा दादूराम आश्रम में चोरी हो गई। पुलिस ने एक युवक को नामजद कर उसके खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। आश्रम के सेवादार अली मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 21 मई को वह आश्रम के गेट के पास नीचे अपना बिस्तर लगाकर सो गया था। रात को जब वह उठा तो उसने देखा कि आश्रम के सामने वाला गेट खुला हुआ है और मंदिर के अंदर भी सारा सामान बिखरा हुआ है। जब उसने बैग और अलमारी चेक की तो यहां से करीब 70 हजार रुपये और सोने की तीन ग्राम की अंगूठी चोरी हुई मिली। आश्रम के महंत विष्णु दास को सुबह चोरी की घटना की जानकारी दी गई। जब महेंद्र विष्णु दास ने सीसीटीवी कैमरा को चेक किया तो गांव का ही दलबीर उर्फ शेट्टी चोरी करता हुआ नजर आया। उन्होंने दलबीर को गांव में पता किया तो वह गांव से गायब मिला। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दलबीर उर्फ शेट्टी के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।