24जेएनडी07-पुलिस गिरफ्त में चोरी की वारदात को अंजाम देने के आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। सीआईए स्टाफ ने पिछले दिनों हरीनगर नरवाना में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा चांदी के जेवर और नकदी बरामद कर ली है। आरोपियों की पहचान नई बस्ती नरवाना निवासी रोहित और सतीश उर्फ पप्पू के रूप में हुई है ।
हरीनगर निवासी कमलेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल को अज्ञात युवक उनके मकान में घुस गए। इसके बाद कमरे का ताला तोडक़र चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
शुक्रवार देर शाम सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम शहर में मौजूद थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि नई बस्ती निवासी रोहित और सतीश उर्फ पप्पू ने कुछ दिन पहले हरीनगर में कमलेश के मकान में दिन के समय चोरी की थी। वह चोरीशुदा साामन बेचने की फिराक में है। सीआईए टीम ने तुरंत मुखबिर की बताई जगह पर छापा डाला तो आरोपियों ने सामने सीआईए की टीम को आता देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। सीआईए टीम ने पूछताछ की गई तो आरोपियों ने हरीनगर में चोरी की वारदात कबूल कर ली।