नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में महिला थाना पुलिस ने हिसार जिले के गांव कोथ कलां गांव के एक पोल्ट्री फार्म संचालक पर मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही महाबीर पर किशोरी से मारपीट करने का मामला दर्ज किया है। मामले में जब किशोरी गर्भवती हो गई और उसके पिता को इसका पता चला तो उसने दोनों का विरोध किया। इस पर दोनों आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट की और उसे पोल्ट्री फार्म से निकाल दिया।
नेपाल के एक व्यक्ति ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ हिसार जिले के एक गांव के पोल्ट्री फार्म पर काम करता था। पोल्ट्री फार्म संचालक अनिल ने उसकी 15 वर्षीय बेटी के साथ लगभग दो वर्ष तक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जब उसकी बेटी गर्भवती हुई तो उसे इसकी जानकारी हुई। जब उसने आरोपी अनिल का विरोध किया तो उसने महाबीर नाम के व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से निकाल दिया।
इसके बाद वह जींद के सदर थाना क्षेत्र के एक पोल्ट्री फार्म पर काम करने लगे और आरोपियों के डर के कारण किसी को कुछ नहीं बताया। पांच जुलाई को उसकी बेटी ने पीजीआई रोहतक में बच्ची को जन्म दिया। महिला थाना पुलिस ने आरोपित अनिल व महाबीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्जकर हांसी पुलिस को भेज दिया।