सफीदों। शहर के बस स्टैंड पर एक प्राइवेट बस की टक्कर में युवक की टांग टूटने के मामले में पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में गांव सिवाह निवासी संदीप ने कहा कि नौ अप्रैल को वह अपने काम से अपने साथी सिवाह निवासी विक्रम के साथ सफीदों गया हुआ था।
शाम करीब छह बजे वह दोनों अपने घर जाने के लिए बस अड्डे पर बस का इंतजार कर रहे थे। उसी समय बस के बाहर जाने वाले रास्ते से गलत साइड से एक प्राइवेट बस तेज रफ्तार से अंदर आई और अज्ञात चालक ने बस को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाकर सीधी टक्कर दे मारी। उसका साथी एकदम अपना बचाव करके एक साइड में जा गिरा और बस चालक ने साइड वाला पहिया उसकी टांग पर चढ़ा दिया। इस घटना में उसकी टांग टूट गई। उसे सफीदों के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां से उसे प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।